बांदा। छेड़छाड़ और छींटाकशी के अपमान का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए बुंदेली छात्राएं अब खुलकर सामने आ रही हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा लागू की गई ‘वूमेन पावर लाइन’ योजना में ये छात्राएं ‘शक्ति परी’ (पावर एंजिल) के रूप में पहचानी जाएंगी। पुलिस इनको ‘विशेष पुलिस अधिकारी’ का दर्जा देगी। शोहदों और मनचलों को सबक सिखाने के लिए ‘पावर एंजिल’ तमगे से पावरफुल होने को चित्रकूटधाम मंडल मुख्यालय बांदा जनपद के 22 गर्ल्स कालेज की 394 छात्राओं ने आवेदन पत्र जमा किए हैं।
महिलाओं और छात्राओें से संबंधित अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे निपटने के लिए प्रदेश की पुलिस ने इस वर्ष की शुरुआत में वुमेन पावर लाइन शुरू की थी। पुलिस का मकसद है कि नई पीढ़ी अब किसी भी प्रकार के छोटे से छोटे अपमान को भी बर्दाश्त न करे। इसके लिए कालेजों की तेज तर्रार छात्राओं को ‘शक्ति परी’ (पावर एंजिल) का खिताब देकर उन्हें विशेष पुलिस अधिकारी का दर्जा दिया जाएगा। ये छात्राएं कालेज परिसर और कालेज आने-जाने के रास्तों पर महिला अपराधों पर नजर रखेंगी। जरूरत पड़ने पर इनके एक कॉल पर तत्काल पुलिस उपलब्ध होगी। वूमेन पावर लाइन ‘1090’ सेवा भी इनकी मदद करेगी। 10वीं कक्षा से ऊपर दर्जे की कुशल नेतृत्व की क्षमता वाली छात्राओं से आवेदन मांगे गए थे।
पुलिस की इस पहल को बुंदेली छात्राओं ने स्वेच्छा से स्वीकारा है। बांदा जनपद के 22 स्कूल-कालेजाें की 394 छात्राओं ने ‘शक्ति परी’ बनने के लिए अपने कालेजों के माध्यम से पुलिस महानिदेशक को आवेदन भेजे हैं। सबसे ज्यादा 77 आवेदन राजकीय महिला डिग्री कालेज, बांदा की छात्राओं ने किए हैं।
इन कालेजों की छात्राओं ने किया आवेदन
राजकीय महिला डिग्री कालेज की 77, राजादेवी डिग्री कालेज 46, एकलव्य महाविद्यालय (दुरेड़ी) 31, जेएन पीजी डिग्री कालेज 18, आर्य कन्या इंटर कालेज 38, सेंट मेरीज सीनियर सेकेंडरी स्कूल 24, बीपी ओमर इंटर कालेज 24, राजकीय पालीटेक्निक 8, जीजीआईसी 5, फात्मा गर्ल्स इंटर कालेज 26, केसीएनआईटी 22, विद्यावती निगम मेमोरियल कालेज 12, रामेश्वर प्रसाद इंटर कालेज (पचनेही) 12, डॉ. भीमराव अंबेडकर कालेज (गिरवां) 22, स्वर्गीय फरजंद अली मेमोरियल इंटर कालेज (करबई) 4, अतर्रा महाविद्यालय 9, सरस्वती इंटर कालेज (अतर्रा) 2, हिंदू इंटर कालेज (अतर्रा), राजकीय इंटर कालेज (फतेहगंज) 4, केपी शास्त्री इंटर कालेज (बदौसा) 2, दीनानाथ पांडेय इंटर कालेज (बदौसा) 2 और गांधी राजकीय इंटर कालेज (ओरन) से एक आवेदन पत्र भेजा गया है।
अपमान सहन न करें, ‘1090’ तुरंत काल करें
बांदा। यूपी पुलिस ने ‘वूमेन पावर लाइन’ (डब्ल्यूपीएल) के तहत ‘1090’ फोन सेवा लागू कर महिलाओं से कहा है कि अपमान सहन न करें। इस नंबर पर तुरंत काल करें। पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जाती है। उसे थाने या चौकी नहीं बुलाया जाता। महिला पुलिस अधिकारी ही फोन पर काल रिसीव करती हैं। समस्या का समाधान न हो जाने तक इस सेवा से जुड़ी पुलिस पीड़िता के संपर्क में रहती है।
सुरक्षा के लिए महिलाओं को दिए गए कुछ टिप्स
अपने पास हमेशा पेपर स्प्रे की बोतल रखें। इसका इस्तेमाल चेहरे पर करते समय डरे नहीं। सेल्फ डिफेंस के लिए जो भी चीज हाथ में हो उससे हमला कर दें। ये न सोंचे कि सामने वाले का सिर फटेगा या कोई चोट आएगी। ऐसे मेें लड़की के खिलाफ पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करेगी। हेयर पिन, कंछी, चश्मे का फ्रेम, पेन, पेंसिल इत्यादि का प्रयोग हथियार की तरह करें। चोट हमेशा चेहरे पर करें। कोई हमला करे तो शोर मचाएं। जितनी तेज हो सके चिल्लाएं। इससे सामने वाले का हौसला टूट जाता है। आसपास के लोग मदद को आ जाते हैं। स्मार्ट फोन पर शक्ति एप जरूर डाउनलोड करें। इसके क्लिक करते ही 1090 को सूचना मिल जाएगी और लोकेशन भी पता लग जाएगी। आटो में बैठते समय आटो के नंबर सहित ड्राइवर का फोटो क्लिक कर लें। किसी लड़की को देर रात, तड़के इमरजेंसी हास्पिटल या कहीं और जाना पड़ता है तो 1090 पर फोन कर मदद मांगे। संभव होगा तो सुरक्षा दी जाएगी। इस नंबर का दुरुपयोग करने पर कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया का संभल कर इस्तेमाल करें।