बांदा। मित्र के घर से अपने घर जा रहे युवक पर पड़ोसी युवक ने चाकू से हमला कर दिया। युवक के पेट में चाकू मार दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गया। उसे बचाने आए उसके चचेरे भाई को भी हमलावर ने मारपीट कर घायल कर दिया। दोनों को परिजनों ने सीएचसी पहुंचाया। वहां से एक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के अनौसा गांव निवासी अनस (18) रविवार की शाम चार बजे करीब गांव में अपने मित्र के घर से अपने घर जा रहा था। तभी गांव के ही एक युवक ने उसे रास्ते में रोक लिया और अभद्रता करने लगा। जब उसने विरोध किया तो पड़ोसी युवक ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गया।
चीख पुकार सुनकर अनस का चचेरा भाई मुसाहिद (18) उसे बचाने दौड़ा तो उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। परिजनों ने दोनों घायलों को सीएचसी बबेरू पहुंचाया। वहां से अनस को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जिला अस्पताल में अनस का इलाज किया जा रहा है। बबेरू कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।