सोलन कॉलेज में फॉर्म जमा करवाने के लिए उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। महाविद्यालयों में दाखिले के लिए मारामारी है। इसके पीछे इंटरमीडिएट में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का उत्तीर्ण होना है। सबसे ज्यादा मारामारी शहर के दो प्रमुख महाविद्यालयों में है। अंतिम तिथि 15 जुलाई खत्म हो जाने के बाद भी अब तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट बंद न होने से आनलाइन रजिस्ट्रेशन जारी है। प्राचार्यों का कहना है कि जब तक वेबसाइट बंद नहीं होती, मेरिट सूची भी नहीं आएगी।
इंटरमीडिएट परीक्षा में इस साल जिले के 15,468 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इनमें 3,316 प्रथम श्रेणी में सम्मान सहित उत्तीर्ण हुए हैं। जबकि 4,716 प्रथम श्रेणी और शेष परीक्षार्थियों ने द्वितीय और तृतीय श्रेणी परीक्षा पास की है। अब इन विद्यार्थियों को महाविद्यालयों में बीए, बीएससी में दाखिला लेना है। इसके लिए शहर के पंडित जेएन डिग्री कालेज, महिला डिग्री कॉलेज, राजीव गांधी महाविद्यालय, एकलव्य महाविद्यालय और राजादेवी डिग्री कालेज, डॉ.अंबेडकर महाविद्यालय, आरएन इंस्टीट्यूट आफ स्टडीज समेत कई महाविद्यालय हैं। जेएन महाविद्यालय एडेड और राजकीय महिला डिग्री कॉलेज सरकारी होने से यहां फीस का झंझट नहीं रहता। ऐसे में इन दोनों कॉलेजों में प्रवेश के लिए ज्यादा मारामारी है। शहर में विज्ञान और कामर्स वर्ग के लिए जेएन और राजीव गांधी महाविद्यालय हैं।
जेएन में विज्ञान वर्ग में करीब 170 सीटे हैं। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में भी इतनी ही सीटें हैं। बालिकाओं के लिए कला वर्ग में राजकीय महिला डिग्री कॉलेज है। यहां बीए प्रथम वर्ष के लिए करीब साढ़े चार सौ सीटें हैं। प्राचार्य प्रभा श्रीवास्तव ने बताया कि आनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि 15 जुलाई को खत्म हो चुकी है। लेकिन अभी तक वेबसाइट बंद नहीं हुई। इसलिए पंजीयन हो रहे हैं। उधर, राजीव गांधी डीएवी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.रामभरत सिंह तोमर ने बताया कि वेबसाइट बंद होने के बाद ही पहली मेरिट आएगी और दाखिले शुरू होंगे।