बांदा। संदिग्ध हालात में युवक का शव घर में फंदे से लटका मिला। धड़ चारपाई से टिका और पैर जमीन से छू रहे थे। भाई ने हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई है। बताया कि बड़े भाई और भाभी उसका मकान कब्जा करना चाहते थे। इसको लेकर बुधवार की शाम उनका झगड़ा भी हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चिल्ला थाना क्षेत्र के पलरा गांव निवासी चुन्नू प्रजापति (45) का शव गुरुवार को सुबह छह बजे घर के कमरे में छप्पर की धन्नी से रस्सी से लटका मिला। धड़ चारपाई और पैर जमीन पर छू रहे थे। मझले भाई रमेश ने बताया कि वह तीन भाई हैं। चुन्नू सबसे छोटा था। चुन्नू दिल्ली में रहकर कमाता था। उसका परिवार भी बाहर रहता है।
चार दिन पहले चुन्नू अकेला गांव आया था। बताया कि तीन भाइयों के बीच मकान और खेत का बंटवारा हो चुका है। बड़े भाई प्रीतम और उसकी पत्नी चुन्नी ने चुन्नू के हिस्से की करीब चार फीट जमीन में दीवार उठा ली थी। इसकी शिकायत उसने पंचायत में की थी। पंचायत के निर्णय के आगे उसे जमीन छोड़नी पड़ी थी।
आरोप लगाया कि इसी की खुन्नस के चलते उसके भाई और भाभी ने मिलकर चुन्नू के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है। चिल्ला इंस्पेक्टर अनिल कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्टया खुदकुशी है। बंटवारे को लेकर भाई-भाई में विवाद था। जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।