करतल (संवाद)। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता (जेई) का शव मध्य प्रदेश की अजयगढ़ तहसील स्थित मझगांय नहर कोठी में चारपाई पर पड़ा मिला। भाई ने हत्या का आरोप लगाया है। भाई की तहरीर पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के सिमौर गांव निवासी विकास कुमार सिंचाई विभाग प्रखंड तृतीय में अवर अभियंता के पद पर तैनात थे। मंगलवार को अजयगढ़ तहसील में मझगांय नहर की मरम्मत का कार्य देखने गए थे। उसी रात संदिग्ध हालात में उनका शव कोठी के बरामदे में चारपाई पर मिला।
अजयगढ़ कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। बड़े भाई रामराज ने हत्या का आरोप लगाया है। बताया कि विकास के गुप्तांग में चोट है। कई लोगों ने मिलकर भाई की हत्या की है। पुलिस मामले को दुर्घटना दिखाकर रफा-दफा करने का प्रयास कर रही है। अजयगढ़ थाना प्रभारी बखत सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
बालू कारोबारियों से हुई थी नोकझोंक
भाई राजाराम ने बताया कि 25 जून को विकास कुमार नहर मरम्मत कार्य देखने के लिए गए थे। नहर पटरी से बालू भरे ट्रैक्टर निकाले जाते हैं। मरम्मत का हवाला देते हुए बालू कारोबारियों से कहा था कि नहर पटरी से ट्रैक्टर न निकालें। इस पर बालू कारोबारियों ने जानमाल की धमकी दी थी। इसकी जानकारी अवर अभियंता ने मोबाइल से पत्नी को देते हुए कहा था उनकी जान को खतरा है।