बांदा। मां और छोटी बहन के खिलाफ मोर्चा खोले युवती ने शनिवार को शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए मां व बहन के कथित प्रेमी के विरुद्ध छेड़छाड़ और रिवाल्वर अड़ाकर धौंस-धमकी का आरोप लगाया है। दो दिन पूर्व मां और छोटी बेटी ने एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य के विरुद्ध छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस आरोपी की युवती (बड़ी बहन) पैरवी कर रही है।
शहर के एक मोहल्ले की रहने वाली युवती ने शनिवार को दोपहर शहर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी मां और छोटी बहन के अवैध संबंध पड़ोस के एक व्यक्ति से हैं। कहा है कि 11 सितंबर को शाम 5 बजे वह अपने किराए के मकान में अकेली थी तभी शराब के नशे में रिवाल्वर लेकर पप्पू पटेल उर्फ दिनेश आ गया और उसकी कनपटी पर रिवाल्वर अड़ाकर छेड़छाड़ की।
शोर मचाने पर मकान मालिक और उनके परिजन आदि आ गए। पप्पू पटेल धमकी देते हुए चला गया। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर पप्पू पटेल उर्फ दिनेश के विरुद्ध धारा 452, 354ख, 504 व 506 आईपीसी की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने युवती का जिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया है। हालांकि पप्पू पटेल ने इन आरोपों को गलत बताया है।
गौरतलब है कि युवती की मां और छोटी बहन ने तीन दिन पूर्व पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामबाबू निषाद के विरुद्ध छेड़छाड़ और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
दोनों मां-बेटी शुक्रवार को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल आई थीं। इसी दौरान वहां बड़ी बेटी ने मां और बहन का विरोध करते हुए हंगामा किया था। पुलिस ने बमुश्किल उन्हें शांत किया था। प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों का अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण भी कराया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है।