बाढ़ से क्षतिग्रस्त महोबा रोड पर त्रिवेणी बाईपास मार्ग।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। शहर को केन नदी की बाढ़ से बचाने के लिए बनाए गए तटबंध की देखरेख न होने से कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। मरम्मत न हुई तो नदी की बाढ़ का पानी पहले की तरह शहर में दाखिल हो सकता है। हिंदू जागरण मंच की बांदा इकाई ने डीएम को ज्ञापन देकर इससे अवगत कराते हुए तटबंध की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उधर, हाल ही में बनाए गए त्रिवेणी बाईपास की सड़क बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो गई है।
मंच जिलाध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार साहू सहित मंच के अन्य कार्यकर्ताओं ने डीएम को दी अर्जी में कहा है कि तटबंध में पाइप के पास की दीवार बाढ़ में टूट गई है। कई मोहल्लों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।
अब नदी का जलस्तर बढ़ा तो शहर के कई इलाकों में पानी भर जाएगा। तत्काल तटबंध की मरम्मत कराई जाए। अर्जी देेने वालों में रामलखन यादव, अरविंद यादव, मुन्ना यादव, राजू सिंह, अवधेश सोनी समेत आधा सैकड़ा अन्य लोग शामिल हैं।
उधर, बांदा-महोबा नेशनल हाइवे पर भूरागढ़ के नजदीक हाल ही में बनाए गए त्रिवेणी बाईपास की सड़क के इर्दगिर्द कई दिनों तक केन नदी की बाढ़ का पानी भरा रहने से सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है। जगह-जगह सड़क पर दरारें आ गई हैं। दोनों तरफ फुटपाथ में भी कटान हुआ है।