नरैनी (बांदा)। कपड़े की फेरी लगाने के बाद गुरुवार की रात साइकिल से घर जा रहे अधेड़ को ट्रक ने कुचल दिया। मौके पर ही मौत हो गई। वहां पहुंचे परिजनों और इलाकाई लोगों ने जाम लगा दिया। आधे घंटे जाम लगा रहने से वाहन फंस गए। पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
कोतवाली क्षेत्र के पनगरा गांव निवासी शफीक (52) गुरुवार को साइकिल से फेरी लगाकर कपड़े बेचने गए थे। रात आठ बजे फेरी लगाकर घर लौटते समय मुख्य मार्ग पर पनगरा गांव में डिगहरी नहर पुल के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने साइकिल सवार को कुचल दिया। ट्रक का पहिया सिर पर चढ़ जाने के कारण घटना स्थल पर ही शफीक की मौत हो गई।
ग्रामीणों ने कपड़ों से पहचान की और परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और जाम लगा दिया। आधे घंटे तक जाम लगा होने की वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर जाम खुल सका। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक भूमिहीन था। वह फेरी लगाकर परिवार का भरण पोषण करता था।