बांदा/कमासिन। देवी पंडाल सजा रहे युवक की करंट से मौत हो गई। अन्य घटनाओं में पिता-पुत्री समेत तीन करंट से झुलस गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कमासिन थाना क्षेत्र के ममसी खुर्द गांव निवासी हेमंत यादव (25) पुत्र शिवमंगल शनिवार की रात आयुष मेडिकल के पास दुर्गा प्रतिमा पंडाल में सजावट कर रहा था। लोहे के पोल में करंट आ जाने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बिना पोस्टमार्टम के परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
एक अन्य घटना में जसपुरा थाना क्षेत्र के चौकी पुरवा निवासी पूजा (17) को घर में पंखे से करंट लग गया। बचाने में पिता गया प्रसाद भी झुलस गया। बबेरू प्रतिनिधि के मुताबिक कसबा निवासी आशा देवी (38) पत्नी इंद्रपाल को रविवार को सुबह स्विच बोर्ड में प्लग लगाते समय करंट लग गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, गिरवां थाना क्षेत्र के मुरवां गांव निवासी लालाराम (35) पुत्र रामकृपाल शनिवार की रात रसोई गैस से खाना बनाते समय झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।