करंट से संविदा विद्युत कर्मी की मौत
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। कूलर में करंट उतरने से नगर पालिका सफाई कर्मी की मौत हो गई। एक अन्य घटना में बिजली आपूर्ति चालू होने से लाइनमैन झुलस गया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया। उधर, युवती घर में करंट लगने से आहत हो गई। लोहे के पोल में करंट उतरने से तीन गायों की मौत हो गई। मर्दननाका मोहल्ला निवासी नगर पालिका सफाई कर्मी माता प्रसाद (40) पुत्र सोनेलाल सोमवार की रात कूलर में करंट उतरने से आहत हो गए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। उनके दो पुत्र व एक पुत्री है। पत्नी लक्ष्मी की 10 साल पहले मौत हो गई थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के दौरान बड़ी संख्या में सफाई कर्मी व वाल्मीकि समाज के लोग मौजूद रहे।
एक अन्य घटना में लाइनमैन फतेहबहादुर उर्फ भोला (48) पुत्र राम कुमार मंगलवार को सुबह बारिश के बाद यहां सट्टन चौराहे पर फाल्ट ठीक कर रहे थे। इसी बीच बिजली आपूर्ति चालू होने से वह झुलस गए। जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने उनको कानपुर रेफर कर दिया। उधर, गिरवां थाना क्षेत्र के बछेई गांव निवासी राजकुमारी (30) पत्नी कल्लू रैदास मंगलवार को सुबह पंखे का स्विच बंद करते समय करंट से झुलस गईं। शहर के आम बाग चुंगी चौकी के पास बामदेव गौशाला से कुछ दूर लोहे के बिजली पोल में करंट उतरने से तीन गायों की मौत हो गई। नगर पालिका अध्यक्ष विनोद जैन ने मोहल्लावासियों को झूलते तार दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। गड्ढा खोदकर तीनों गायों के शव दफन किए गए। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश रहा।