बदौसा/अतर्रा। दो दिन से तेज हवाओं के साथ बारिश व ओलावृष्टि से सरसो, अलसी, मसूर आदि की फसल बर्बाद हो गई। महुई के किसान राजेश द्विवेदी ने बताया कि बारिश व ओला गिरने से फसल खेतों में ही गिर गई और उसके ऊपर मिट्टी चढ़ गई है। भदैया के जयकरन का कहना है कि 80 फीसदी फसलें खराब हो गई है। कल्यानपुर के राजायादव, लक्ष्मीकांत पांडेय का कहना है कि किसी तरह अन्ना पशुओं से फसलों को बचाया। अब बारिश ने सब बर्बाद कर दिया।
उधर, अतर्रा संवाद के अनुसार सोमवार को बारिश व ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसले बर्बाद हो गई। सर्वाधिक नुकसान फतेहगंज क्षेत्र के बघेलाबारी, तरसुमा, बरछा, डडिया, खेरिया, माधोताला, कुरुहू, जबरापुर, जरकडा में नुकसान हुआ है। किसान राजा पांडेय ने बताया कि 50 ग्राम वजन का ओला गिरने से फसल टूट कर खेत में ही मिल गई। खेरिया के किसान विवेक बिंदु तिवारी का कहना है कि करीब एक घंटे बारिश हुई है। उधर, ओला गिरने की सूचना पर एसडीएम विकास यादव ने कहा कि जल्द टीम भेजकर नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा।