बांदा। जिला अस्पताल में एक्सरे के नाम पर टेक्नीशियन ने 200 रुपये मांगे तो दिव्यांग दंपती ने हंगामा किया। सूचना पर सीएमएस पहुंचे। उन्होंने टेक्नीशियन के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
पैलानी थाना क्षेत्र के महावरा गांव निवासी दिव्यांग सहाबुद्दीन और उनकी पत्नी जाहिरा सोमवार को जिला अस्पताल एक्सरे कराने पहुंचे थे। यहां तैनात टेक्निशियन ने एक्सरे बंद कर कहा कि मशीन गरम हो गई है। थोड़ी देर बाद आना।
इस बात पर मरीज ने एक्सरे करने की बात दोहराई तो मुंहाचाही हो गई। आरोप है कि टेक्नीशियन ने एक्सरे के नाम पर उनसे 200 रुपये मांगे। न देने पर मारपीट की धमकी भी दी। दंपति के हंगामा करने पर मौके पर सीएमएस डॉ. एसएन मिश्र पहुंच गए। उन्होंने शिकायत सुनकर समस्या का समाधान कराया।
एक्सरे टेक्नीशियन महफूज ने बताया कि मशीन गरम हो गई थी। एक्सरे नहीं निकल रहे थे। इस पर मरीज ने रुपये मांगने का आरोप लगाया है। उधर, सीएमएस डॉ. एसएन मिश्रा ने बताया कि एक्सरे टेक्नीशियन की मरीजों के साथ कार्यशैली को लेकर लिखित जवाब मांगा है। उन्होंने रुपये वसूली के आरोप को नकार दिया है।