कहीं नशा सिर चढ़कर बोला तो कहीं खुन्नस में सिर फोड़ा। होली में कुछ स्थानों पर रंगों के साथ खून भी बहा। नतीजे में 20 लोग लहूलुहान हो गए। पुलिस ने इन सभी का अस्पताल में इलाज कराया है। कुछ मामलों की रिपोर्ट भी दर्ज हुई है।
शनिवार को दोपहर शहर के नवाब टैंक रोड पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता चल रही थी। एक-दूसरे के कंधों पर चढ़कर पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ने की जुगत में जुटे कुछ युवक आपस में भिड़ गए। उनमें जमकर मारपीट हुई।
सुरेश (32) और मनीष (30) घायल हो गए। उधर, बक्छा (शहर कोतवाली) गांव में शुक्रवार को लोटन (40) और उसकी पत्नी सोना (35) व मां रुकमणि (80) को पांच पड़ोसियों ने लाठियों से लहूलुहान कर दिया।
मटौंध थाना क्षेत्र के मोहन पुरवा गांव में होली के नशे में बेकाबू पांच लोगों ने बंदरा (60) और उसकी पत्नी शांति देवी (55) को लाठी से धुन डाला। दोनों घायल हो गए। बड़ोखर खुर्द गांव में माधवनाथ (40) को पड़ोस के चार युवकों ने लाठी से पीट दिया। बीच-बचाव में आई उसकी भतीजी मैना देवी (17) भी जख्मी हो गई।
माधव के मुताबिक युवक उसके दरवाजे पर बैठकर शराब पी रहे थे। उसने इसका विरोध किया। पथरा (अतर्रा) गांव में शुक्रवार को शाम जीतू यादव (16) पुत्र कमल को किसी पुराने विवाद पर तीन पड़ोसियों ने लाठी से हमलाकर जख्मी कर दिया।
कंचन पुरवा (बांदा शहर) में राकेश (28) और उसके भाई मुकेश (25) को दो पड़ोसियों ने कुल्हाड़ी से हमलाकर घायल कर दिया। जौहरपुर (तिंदवारी) गांव में प्रताप सिंह (66) को उसके ही नाती ने पत्थर मारकर घायल कर दिया।
बबेरू प्रतिनिधि के अनुसार, होली पर हुई मारपीट की घटनाओं में दंपति समेत छह लोग लहूलुहान हो गए। कोतवाली क्षेत्र के सिमौनी गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद में हो गया। खानदान के ही दबंगों ने दधिवल (60), उसकी पत्नी गल्ली (55) व पुत्र राजकुमार को लाठियों से पीटकर घायल कर दिया।
उधर, कुचेंदू गांव में शुक्रवार को बाबूलाल और प्रेमचंद्र के बीच विवाद हो गया। मारपीट में एक पक्ष से बाबूलाल (50) व संपत देवी (17) पुत्री देवीदीन तथा दूसरे पक्ष से चंपा (48) पत्नी प्रेमचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से मामला दर्ज कर घायलों का सीएचसी में मेडिकल कराया।
अस्पताल में भिड़े शराबी
होली की हुड़दंग से जिला अस्पताल भी अछूता नहीं रहा। कई शराबी युवकों ने यहां की शांति भंग कर दी। शुक्रवार की शाम ओपीडी गैलरी में आधा दर्जन युवक एक-दूसरे पर पिल पड़े। जमकर लात-घूसों से पीटा और पिटे। शोरगुल से मरीज और तीमारदार परेशान होकर सहम गए।
खबर पाकर कुछ ही देर में पुलिस आ गई तो युवक भाग खड़े हुए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चार बाइकों पर आए युवक पहले कुछ देर आपस में बात करते रहे। फिर जूता-लात पर उतर आए।
पुलिस ने डंडे चलाए, बेगुनाह पिटे
महिलाओं पर छींटाकशी को लेकर काशीराम कालोनी (निम्नीपार) में शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। खबर पाकर मौके पर आई पुलिस ने आते ही डंडे बरसाना शुरू कर दिए। आरोपी दोनों पक्षों से ज्यादा वहां खड़े तमाशाई पुलिस के हाथों पिट गए।
बाद में पुलिस ने दो युवकों को उठा लाई। लेकिन कालवनगंज चौकी में मामला रफा-दफा कर दिया गया। दोनों युवकों को छोड़ दिया गया। पुलिस के डंडे बरसाने में कई लोगों को मामूली चोटे आईं। एक अन्य घटना में कुसमा (अतर्रा) निवासी प्रेम सिंह (18) का हाथ चारा काटते समय कटिया मशीन से कट गया। इन सभी को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है।