हड़हा गांव में युवती की हत्या के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
नरैनी (बांदा)। तमंचे के बल पर दिनदहाड़े पड़ोसी के घर ले जाकर युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की मां ने हत्या से पूर्व दुराचार का भी आरोप लगाया है। आरोपी फरार हो गया। पूरे गांव में दहशत फैल गई। स्थानीय पुलिस के अलावा पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
कोतवाली क्षेत्र के हड़हा गांव में रविवार को शाम करीब चार बजे उमर खां के घर से गोली चलने की आवाज सुनकर दरवाजे पर बैठे लोगों में भगदड़ मच गई। इसी बीच घर के अंदर से भाग कर निकली उमर की पुत्री आफिया ने बताया कि इसी गांव के गुलाम गौस पुत्र असलम ने पड़ोस में रहने वाली आसमा (25) पत्नी कासिम के सिर पर तमंचे से गोली मार दी।
आफिया ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी जान से मारने की धमकी देकर हत्याभियुक्त फरार हो गया। मृतका की मां और अन्य लोग घर के अंदर पहुंचे तो देखा कि आसमा बेड पर पड़ी है। सिर में गोली लगने से भेजा बाहर निकल आया था। कपड़े अस्त-व्यस्त थे। इससे साफ जाहिर हो रहा था कि हत्या से पहले उसके साथ रेप भी किया गया।
कुछ ही देर बाद कोतवाली प्रभारी केसरी प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी डॉ. राकेश मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर आ गए और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद पांडेय भी मौके पर आए और मृतक के परिजनों से बातचीत की। मृतका की मां जोहरा ने पुलिस को बताया कि गुलाम गौस ने तमंचे के बल पर उसकी बेटी को पड़ोसी के घर ले जाकर कमरे में बंद करके पहले दुराचार किया और फिर गोली मारकर हत्या कर दी।
हालांकि मां ने हत्या की वजह फिलहाल नहीं बताई है। मृतका आसमा की शादी हमीरपुर जिले के मौदहा थानांतर्गत फत्तेपुरवा गांव में हुई थी। लेकिन पिछले करीब एक साल से वह मायके में पिता बाबू खां और मां जोहरा के साथ रह रही थी। उधर, गांव में कुछ लोग इसे प्रेम-प्रसंग से भी देख रहे हैं। इस बारे में कोतवाली प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। आरोपी की तलाश तेजी से की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।