संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत
- फोटो : अमर उजालाॅ
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहनकुटी की रहने वाली महिला की गाजियाबाद में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शनिवार देर रात परिजन शव को लेकर मोहनकुटी पहुंचे।
मायके पक्ष ने पति पर मारपीट का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शंात कराया। परिजनों से तहरीर न मिलने पर पुलिस लौट आई। रविवार दोपहर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र के बकसरा गांव निवासी रामनिवास ने अपनी पुत्र रूपा(30) की शादी वर्ष 2008 में मोहनकुटी निवासी संजय के साथ की थी। शादी के बाद रूपा ने एक बेटी और एक बेटे को जन्म दिया। इस समय बेटी(6) और बेटा(4) साल का है।
रूपा के चाचा जयप्रकाश ने फोन पर बताया कि शादी के बाद संजय बच्चों को लेकर गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर स्थित संगम विहार कॉलोनी में रहता है। वहां अपने बहनोई के साथ दुकान पर काम करता है।
जयप्रकाश ने बताया कि 9 जुलाई को जब वह गाजियाबाद पहुंचे तो पड़ौसियोें ने बताया कि 8 जुलाई की रात संजय ने अपनी पत्नी को बुरी तरह पीटा है। वह इस समय निजी अस्पताल में है। वहां जाकर देखा तो रूपा की मौत हो चुकी थी।