बांदा। फोन पर पति से विवाद के बाद युवती ने मायके में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। अन्य घटनाओं में युवती व किशोरी समेत तीन ने जहर खा लिया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतर्रा थाना क्षेत्र के बल्लान गांव निवासी रामबाई (19) पत्नी रामसुफल अपने मायके पाली (बबेरू) में रहकर कैलाशपति इंटर कालेज बेर्रांव में हाईस्कूल में पढ़ाई कर रही थी। पति चेन्नई में काम करता है। सोमवार को शाम पति से फोन पर देर तक बात करने के बाद जहर खा लिया। उसे सीएचसी बबेरू से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
मृतका की मां मल्हो ने बताया कि पिछले वर्ष शादी की थी। पति नवरात्र पर छुट्टी के बाद चेन्नई चला गया था। वहां से पत्नी रामबाई से रोज घंटों फोन पर बात करता था। वह बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पढ़ाई बाधित होने पर फोन काटने पर डांटता था। इसी से क्षुब्ध होकर उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उधर, गिरवां थाना क्षेत्र के महुआ गांव निवासी ममता (30) पत्नी राममूरत ने सोमवार की रात ससुराल में कलह से जहर खा लिया। परिजन उसे पीएचसी महुआ ले गए। वहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एक अन्य घटना में शहर के खाईंपार मोहल्ला निवासी गुलफिशां (14) पुत्री कमरुद्दीन ने भाई से विवाद के बाद जहर खाकर जान देने की कोशिश की। दूसरी घटना में चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव निवासी संतोष (27) पुत्र तिजोला ने सोमवार की रात घर में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन दोनों को जिला अस्पताल लाए।