बदौसा/नरैनी। अलग-अलग स्थानों पर कुएं में गिरकर दो बालकों की मौत हो गई। इनमें से एक बालक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि दूसरी घटना में घर के आंगन में बने कुएं में खेलते समय मासूम गिर गया।
फतेहगंज थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव निवासी नीरज (8) पुत्र रामऔतार गुरुवार को सुबह मां के साथ खेत गया था। परिजनों की आंख बचाकर वह कहीं निकल गया। दोपहर को लगभग आधा किलोमीटर दूर उसका शव कुएं में मिला। परिजनों ने हत्या का संदेह जताया है। थानाध्यक्ष शिवसागर पांडेय का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
एक अन्य घटना में नरैनी कोतवाली क्षेत्र के सीमावर्ती मध्य प्रदेश के पाथर कछार गांव के रामस्वरूप का तीन वर्षीय पुत्र देव कुमार गुरुवार को सुबह खेलते समय घर के आंगन में बने कुएं में गिर गया। परिजन उसे बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी ला रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई।