पिटाई से जख्मी युवकों को ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
प्रेमी से मिलने पर युवती के परिजनों ने जमकर बवाल काटा। युवती समेत प्रेमी और उसके साथी की धुनाई कर दी। तमाशबीनों की भीड़ लग गई। लेकिन 15 मिनट में घटनास्थल पहुंचने वाली डायल-100 और पुलिस कर्मी एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे। पिटे प्रेमी और साथी को हिरासत में ले गए। महिला पुलिस युवती और उसके परिजनों को थाना ले गई।
बुधवार को शाम सिविल लाइंस चौकी क्षेत्र के एक मोहल्ले की युवती प्रेमी से मिलने चली गई। भनक लगते ही युवती के परिजन भी रेलवे स्टेशन पहुंच गए। प्रेमी और उसके साथी से मारपीट शुरू कर दी। दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। तमाशबीनों की भीड़ लग गई। लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव की कोशिश नहीं की। अलबत्ता युवती ही प्रेमी का बचाव करती रही। लगभग एक घंटा तक हंगामा चला, लेकिन पुलिस को आने में काफी समय लग गया।
हैरत की बात है कि 15 मिनट में घटनास्थल पहुंचने का दावा करने वाली डायल-100 को भी मौके पर आने में आधा घंटा से ज्यादा लग गया। पुलिस कर्मियों ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। इनमें प्रेमी के साथी को ज्यादा चोटें आईं। महिला थाना पुलिस ने युवती और उसके परिजनों को अपने साथ ले गई। पड़ोसियों ने बताया कि युवती अपने प्रेमी के साथ शादी करना चाहती है। परिवार इसके विरोध में है। उधर, प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया कि तहरीर न मिलने पर रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। दोनों बालिग हैं।