सीसी कैमरे में कैद चोरी के फुटेज देखते चौकी प्रभारी।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। सीसीटीवी कैमरे से लैस सेनेटरी की दुकान में चोरों ने दरवाजा और गुल्लक तोड़कर सवा लाख रुपये का कैश चोरी कर लिया। सिर्फ 20 मिनट में इकलौते चोर ने इस घटना को अंजाम दिया। पूरा नजारा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। शक की सुई दुकान के ही किसी नौकर पर जा रहा है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे।
तिंदवारी रोड पर मंडी समिति के पास अवधेश पेंट एंड सेनेटरी दुकान में बुधवार की रात चोर दुकान के पिछवाड़े गोदाम की दीवार से अंदर दाखिल हो गया और लोहे की छड़ से लोहे का दरवाजा तोड़ाकर गुल्लक तक पहुंच गया। गोलक का लॉक भी उसने लोहे की सरिया से तोड़ा और उसमें रखे 1.25 लाख रुपये निकालकर उसी रास्ते से बाहर निकल गए। यह सब वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
कैमरे में कैद चोर अपना चेहरा कपड़े से ढके था। दुकान संचालक अवधेश गुप्ता ने कोतवाली में सूचना दी। मंडी समिति चौकी प्रभारी सर्व सिंह यादव ने मौका मुआयना किया और सीसीटीवी के फुटेज देखे। व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष गुप्ता, जिलाध्यक्ष मनोज जैन, भाजपा नेता अजित गुप्ता सहित संतोष अनशनकारी, सत्येंद्र गुप्ता, राजेश गुप्ता आदि ने भी मौके का जायजा लिया।