रोडवेज परिसर में झांसी की महिला और रोडवेज कर्मियों के बीच हो रही नोंकझोंक।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। रोडवेज परिसर में रविवार को जमकर हंगामा हुआ। नौकरी के नाम पर पैसे ऐंठने का आरोप लगा रही महिला और उसके पति को कुछ रोडवेजकर्मियों ने दौड़ाकर पीटा और दलाल बताकर पुलिस के हवाले कर दिया। रोडवेजकर्मियों ने एसपी कार्यालय जाकर कथित दलाल दंपति के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। रविवार को दोपहर बड़ा गांव (झांसी) निवासी दिनेश सविता और उसकी पत्नी ऊषा व पुत्र प्रतीक सविता रोडवेज आए और एसएसआई अरुण कुमार से अपना दिया 20 लाख रुपया वापस मांगते हुए हंगामा शुरू कर दिया। एसएसआई के शोर मचाने पर रोडवेजकर्मी आ गए और दिनेश उसकी पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। पुत्र प्रतीक बचकर भाग निकला। रोडवेज कर्मियों की सूचना पर आई सिविल लाइंस चौकी पुलिस एसएसआई और दंपति को कोतवाली ले गई। पिटाई से घायल पति-पत्नी ने आरोप लगाया कि एसएसआई अरुण कुमार ने नौकरी के नाम पर 20 लाख रुपये लिए हैं। तीन माह हो गए, लेकिन अब तक नौकरी नहीं मिली। कई बार रुपये मांगें तो धमकी दी गई। आज यहां रुपये लेने आए थे। उल्टा उन्हीं को दलाल बताकर मारपीट करा दी। एसएसआई अरुण कुमार ने कहा कि दोनों दलाल हैं और कई दिनों से परेशान कर रहे थे। उन्होंने कोई पैसा नहीं लिया। उधर, रोडवेजकर्मियों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपी दंपति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी ने भरोसा दिया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।