बांदा। ट्रैक्टर से टकराकर बाइक सवार की मौत हो गई। साथ में बैठे दो अन्य युवक घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। बिसंडा थाना क्षेत्र के चौसड़ गांव निवासी कुलदीप (22) पुत्र लल्लू अतर्रा में एक गैराज में काम करता था। उसके साथ कोर्रही (बिसंडा) गांव निवासी बच्चा (18) पुत्र लल्लू और परसौली गांव का संतोष (33) पुत्र राजकरन भी काम करते हैं।
बुधवार की रात काम खत्म होने के बाद तीनों बाइक पर अतर्रा से चौसड़ गांव जा रहे थे। ओरहा गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर की दाहिनी साइड की हेड लाइट बंद होने से ट्रैक्टर को बाइक समझकर क्रास करते समय बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई।
बाइक चला रहे कुलदीप समेत बच्चा और संतोष घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में कुलदीप की मौत हो गई। मृतक अतर्रा में बीए (द्वितीय वर्ष) का छात्र था। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
अन्य घटना में महुआ ब्लाक में कंप्यूटर इंजीनियर इंगोहटा (हमीरपुर) निवासी कौशलेंद्र कुमार (27) पुत्र महेशचंद्र बुधवार को देर शाम ब्लाक से बाइक पर बांदा आते समय डिंगवाही गांव के पास बाइक फिसल जाने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।