छात्र से अश्लील हरकत में आवासीय विद्यालय प्रधानाचार्य के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज हुए 24 घंटे बीत गए, लेकिन पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। बबेरू कोतवाली पुलिस का कहना है कि आरोपी प्रधानाचार्य की तलाश हो रही है।
घटना एक सप्ताह पूर्व की है। बबेरू कस्बा स्थित एक आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य ने छात्र से अश्लील हरकत की। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को आरोपी के विरुद्ध गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। मामला दर्ज किए 24 घंटे बीत गए, लेकिन आरोपी प्रधानाचार्य को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी।
गिरवां थाना क्षेत्र के एक गांव का 16 वर्षीय छात्र आवासीय विद्यालय में 11वीं का छात्र है। उसका आरोप है कि 10 फरवरी की रात प्रधानाचार्य कमरे में आए और अश्लील हरकत करने लगे। कुकर्म का भी प्रयास किया। शोर मचाने पर साथी छात्रों के जागने पर प्रधानाचार्य भाग गए। दूसरे दिन घरवालों को आपबीती बताई।
छात्र की शिकायत पर परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रेम कुमार यादव ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं आरोपी प्रधानाचार्य अपने को निर्दोष बता रहे हैं। उनका कहना है कि साजिशन फंसाया जा रहा है। एक सप्ताह पूर्व की घटना बताई गई और कार्रवाई अब कराई जा रही है।