बांदा। मैजिक टेंपो पलटने से एक दर्जन यात्री घायल हो गए। गंभीर हालत में पांच को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य सड़क हादसों में पांच बाइक सवार घायल हो गए। कोई बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था।
गुरुवार को दोपहर नरैनी से लगभग 15 सवारियां भरकर बांदा आ रही तेज रफ्तार मैजिक बांसी-देवरार गांव के पास पिछला पहिया बर्स्ट हो जाने से अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। राहगीरों ने घायलों को बाहर निकाला। इसमें 12 लोग घायल हुए।
गंभीर हालत में रामदास (40) पुत्र मेड़ेलाल निवासी मौदहा (हमीरपुर), पचिनिया (65) निवासी बाबा तालाब (बांदा), दिलशेर (28) पुत्र पठान निवासी अलीगंज (बांदा), कुंती (65) पत्नी श्यामसुंदर व पिरनिया (50) पत्नी रजवा और उसकी पुत्री अनीता (24) निवासी नहरी (नरैनी) को जिला अस्पताल लाया गया। छह मामूली घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। यह सभी यात्री शादी समारोह से वापस लौट रहे थे।
एक अन्य घटना में कमासिन थाना क्षेत्र के सांड़ासानी गांव निवासी धर्मेंद्र (29) पुत्र बच्छराज अपनी पत्नी सीमा (25) व पुत्र यश के साथ बुधवार की रात बारात से उड़की (सिंहपुर) गांव से बाइक पर घर आते समय बोलेरो की टक्कर से घायल हो गए। चालक बोलेरो समेत भाग निकला।
उधर, कमासिन थाना क्षेत्र के जामू गांव निवासी पप्पू (25) पुत्र राम प्रताप अपने चचेरे भाई लालाराम (22) पुत्र शिवमोहन के साथ बाइक पर ओरन से घर जाते समय एक अन्य बाइक की भिड़ंत से घायल हो गए। राहगीरों ने पीएचसी बिसंडा पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।