मरका। नशे में धुत पति ने पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। जुर्म छिपाने के लिए उसके पास जहरीले पदार्थ की पुड़िया रखकर भाग निकला। थाना क्षेत्र के मटेहना गांव में सावित्री देवी (36) और उसके पति अशर्फीलाल के बीच रविवार की रात किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। नशे में धुत अशर्फीलाल ने पत्नी की बुरी तरह पिटाई कर दी।
सावित्री की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। अशर्फीलाल भाग निकला। मृतका के भाई रामचंद्र यादव (गुजेनी) ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया। रामचंद्र ने बताया कि घटना को छिपाने के लिए उसने मृतका के पास जहरीली पुड़िया रख दी थी।
भाई ने थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष केशव वर्मा का कहना है कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वीकार किया कि मृतका का पति नशे का आदी था। आए दिन पत्नी से मारपीट करता था। मृतका के दो पुत्र व एक पुत्री है।