बांदा। सड़क दुर्घटना में घायल राहगीर की उपचार के दौरान मौत हो गई। अन्य सड़क हादसों में तीन बाइक सवार समेत चार घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किसी भी बाइक सवार के सिर पर हेलमेट नहीं था।
फतेहपुर जिले के अढ़ावल (ललौली) गांव निवासी रामबली (45) पुत्र पतराखन 27 अप्रैल को ट्रैक्टर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद उसे चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया। मंगलवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
एक अन्य घटना में गिरवां थाना क्षेत्र के मसुरी गांव निवासी दिनेश (29) पुत्र कल्लू मंगलवार की रात बाइक पर लौटते समय डिंगवाही गांव के पास गिरकर घायल हो गया। उधर, बदौसा थाना क्षेत्र के तुर्रा गांव निवासी अनिल सक्सेना (17) पुत्र भगवानदीन मंगलवार को देर शाम बाइक पर अतर्रा से घर जाते समय शांतिधाम स्कूल के पास एक अन्य बाइक की टक्कर से घायल हो गया।
एक अन्य घटना में भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर) निवासी अमित वर्मा (25) पुत्र देवीदीन बुधवार को सुबह बाइक से गिरवां जाते समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर मटौंध के पास गिरकर घायल हो गया। बिसंडा निवासी सुनीता (26) पत्नी श्रीकिशन हैंडपंप से पानी लेकर घर जाते समय टेंपो की टक्कर से घायल हो गई। पीएचसी से उसे जिला अस्पताल भेजा गया।