राधा स्वामी डेरे की बस का जालंधर में एक्सीडेंट
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। अलग-अलग मार्ग हादसों में इंजीनियरिंग छात्र समेत चार राहगीर घायल हो गए। एक घायल को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का यहां जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोई भी घायल बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पनगरा गांव निवासी इंसाफ खां (13) पुत्र बिल्लू खां बदौसा गांव बारात में शामिल होकर शुक्रवार को शाम वापस लौटते समय प्राइवेट बस की छत से गिरकर घायल हो गया। राहगीरों ने गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
एक अन्य घटना में महोबा निवासी इंजीनियरिंग छात्र अमित (20) पुत्र गोरेलाल शुक्रवार को शाम बाइक पर अतर्रा जाते समय डिंगवाही गांव के पास गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वह यहां केसीएनआईटी में इंजीनियरिंग का छात्र है।
उधर, बिजली खेड़ा निवासी इमरती देवी (28) पत्नी विजय कुमार शुक्रवार को शाम बाइक से टकराकर घायल हो गई। बाइक सवार मौके से भाग निकला। एक अन्य घटना में तिंदवारी थाना क्षेत्र के माटा गांव निवासी गंगा प्रसाद (28) पुत्र राकेश शुक्रवार को शाम सड़क पार करते समय ट्रक की टक्कर से घायल हो गया।
अतर्रा प्रतिनिधि के मुताबिक थाना क्षेत्र के भुजवन पुरवा गांव निवासी नीरज (25) पुत्र चुन्नू गुप्ता शनिवार को दोपहर बाइक पर बांदा आ रहा था। नंदना गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह घायल हो गया। गंभीर हालत में सीएचसी से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया।