घर में बंधक बनाकर दबंगों ने युवक को तीन घंटे तक जमकर पीटा और मरणासन्न हालत में दबंग घर के दरवाजे पर उसे फेंककर चले गए। आरोप है कि युवक से 20 हजार रुपये लूटने के बाद दबंग फरार हो गए। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बबेरू कस्बे के मरका तिराहा निवासी अमर सिंह वर्मा (19) पुत्र चंद्रभान सोमवार को रात बाइक पर पिता को भूसा खरीदने के लिए 20 हजार रुपये देने जा रहा था। तभी दोस्त ने फोन कर उसे अपने घर बुला लिया। बहाने से दोस्त उसे घर में बैठाकर चला गया। इसी बीच पड़ोसी पिता-पुत्र समेत चार दबंग आ धमके। उसे कमरे के अंदर दबोच लिया और रस्सी से हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। लात-घूंसे, बेल्ट, लाठी से उसकी जमकर पिटाई की। लोहे की राड मारकर सिर फोड़ दिया।
दबंगों ने जेब में पड़े 20 हजार रुपये छीन लिए। बेहोशी हालत में मकान के दरवाजे पर फेंकने के बाद दबंग कर फरार हो गए। कुछ देर बाद मां रानी वर्मा ने मकान के दरवाजे पर पुत्र को खून से लथपथ और बेहोशी हालत में पड़ा देखा। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल अमर ने बताया कि दो माह पूर्व कस्बे में शादी के दौरान डीजे बजाने की बात पर दबंगों से उसका विवाद हुआ था। दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी। दबंग डीजे संचालक ने उसे देख लेने की धमकी दी थी। उधर, बबेरू कोतवाली प्रभारी रीतेश गुप्ता ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है। रुपये लूटने की बात गलत है। कारोबार में प्रतिस्पर्धा को लेकर मारपीट हुई है।