राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइकों की भिड़ंत में बहनोई की मौत हो गई और साथ बैठा साला गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक एमबीए डिप्लोमाधारी और दिल्ली के एक बड़े होटल में कर्मचारी था। मृतक के परिजनों का कहना है कि बाइक सवार हेलमेट लगाए थे।
शहर के जरैली कोठी निवासी विद्याभूषण प्रजापति (28) पुत्र दंगल प्रजापति शनिवार को रात हमीरपुर जिले के सिसोलर गांव निवासी अपने साले ईश्वरदीन (28) की ससुराल लेवा (हमीरपुर) गांव से होली मिलकर बाइक से घर लौट रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मटौंध थाना क्षेत्र के मोहनपुरवा गांव के नजदीक सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से भिड़ंत हो गई।
बाइक चला रहे विद्याभूषण और पीछे बैठा साला गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक चालक को मामूली चोटें आईं। वह बाइक लेकर मौके से भाग निकला। गंभीर हालत में साले-बहनोई को जिला अस्पताल लाया गया। विद्याभूषण को डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे कानपुर लेकर जा रहे थे तभी शहर से कुछ किलोमीटर दूरी पर ही उसकी मौत हो गई।
विद्याभूषण के पिता ने बताया कि बेटे की तीन साल पूर्व शादी हुई थी। पत्नी ज्ञानवती गर्भवती है। विद्या तीन भाइयों में बड़ा था। एमबीए का डिप्लोमा करने के बाद दिल्ली के प्रतिष्ठित होटल में नौकरी करता था। 18 फरवरी को अपने साले की शादी में शामिल होने घर आया था।