प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेें तैनात एएनएम के पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पत्नी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, पुलिस का कहना है कि मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। जांच की जा रही है।
मरका थाना क्षेत्र के औदहा गांव निवासी सुशील (35) पुत्र धनराज यादव को बुधवार की रात कमासिन थाना क्षेत्र के जमरेही बाबा मोड़ के पास किसी ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। पत्नी प्रभावती ने बताया कि वह अपने पति के साथ करीब 10 वर्षों से कमासिन कस्बे में एक किराये के मकान में रह रही है। कमासिन पीएचसी में एएनएम है, जबकि सुशील किसान था। उसके पास करीब दस बीघा जमीन है।
रात करीब 9 बजे सुशील के पास किसी का फोन आया था। वे बाइक से कहीं चले गए। देर रात पुलिस ने उन्हें घटना की जानकारी दी। पोस्टमार्टम हाउस में सुशील के भाई रामबाबू ने बताया कि पुलिस सड़क दुर्घाटना में मौत बता रही है। जबकि उसके सिर पर गोली लगी है। मृतक की पत्नी व दो बच्चे हैं। थानाध्यक्ष राकेश पांडेय ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना की सही जानकारी मिल पाएगी। थानाध्यक्ष ने कहा कि प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना में मौत प्रतीत हो रही है।
कमासिन प्रतिनिधि के मुताबिक पुलिस द्वारा हत्या की रिपोर्ट न दर्ज करने पर परिजनों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया और हंगामा किया। पूर्व प्रधान बच्चूलाल यादव द्वारा फोन पर पुलिस अधीक्षक को जानकारी देने के बाद पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप से हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई।