पत्रकारों से मुखातिब डीआईजी सैलाल
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। शौचालय निर्माण में 13 लाख 20 हजार का गबन मामले में पूर्व प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी के विरुद्ध संगीन धाराओं की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिलाधिकारी के आदेश पर जांच के बाद जिला पंचायतराज अधिकारी ने बबेरू कोतवाली में शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज हुई है। मामला बबेरू ब्लाक के हरदौली गांव का है। यहां स्वच्छ भारत मिशन के तहत वर्ष 2015-16 में 1101 शौचालय बनाए जाने थे। हरेक शौचालय की लागत 12 हजार रुपये थी। इसके लिए कुल एक करोड़ 32 लाख 12 हजार रुपये ग्राम पंचायत को दिए गए थे। इसी गांव के मोहम्मद फैजान खां ने मंडलायुक्त से शिकायत करके शौचालय निर्माण में घोटाले के आरोप लगाए थे।
इस पर जांच हुई। जांच में पाया गया कि 690 शौचालय बनाए गए हैं। इसमें 82 लाख 80 हजार रुपये खर्च हुआ है। शेष 110 शौचालय नहीं बनाए गए। उनका 13 लाख 20 हजार रुपया गबन कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने पांच अक्तूबर को जिला पंचायतराज अधिकारी को इस गबन की रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए थे। इसमें तत्कालीन प्रधान जाहिद खां और तत्कालीन सचिव (ग्राम विकास अधिकारी) गजराज प्रसाद को दोषी पाया गया था। जिला पंचायतराज अधिकारी ने शुक्रवार 21 अक्तूबर को बबेरू कोतवाली में पूर्व प्रधान और सचिव के विरुद्ध 13.20 लाख रुपये दुरुपयोग में धारा 409, 419, 420, 467, 468, 471 आईपीसी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, शिकायतकर्ता फैजान खां ने कहा है कि उनके द्वारा शिकायत करने की खुन्नस में आरोपियों ने सत्तारूढ़ दल के विधायक की मदद से उसके विरुद्ध साजिश करके छह माह की जिला बदर करा दिया है।