पीडब्ल्यूडी में अवर अभियंता को कार सवार बदमाशों ने वसुंधरा से अगवा कर मारपीट की। बदमाश उन्हें कार में अगवा कर गाजियाबाद में घुमाते रहे। इस दौरान जेई ने चौधरी मोड़ के पास कार से कूद कर जान बचाई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।वसुंधरा निवासी जेई देवेंद्र सिंह पीडब्ल्यूडी कार्यालय गाजियाबाद में तैनात हैं।
उन्होंने बताया कि रविवार शाम को वह दोस्त से मिलने लाजपत नगर गए थे। इस दौरान राजेंद्र नगर निवासी जानकार प्रशांत तोमर ने उन्हें कॉल की और बाजार के मोड़ पर बुलाया। वह पैदल मोड़ की ओर जा ही रहे थे, तभी प्रशांत उन्हें मिल गए। पीछे से एक कार उनके पास आकर रुकी और कार सवार दो युवकों ने उन्हें जबरन कार के अंदर खींच लिया।
प्रशांत भी कार में सवार हो गया। एक युवक कार चलाता रहा। पीछे बैठे दोनों युवकों ने उन्हें जबरन नशीला पदार्थ पिलाने की कोशिश की। विरोध करने पर उनके साथ तमंचे की बट से मारपीट की।इस दौरान चौधरी मोड़ के पास जेई कार से कूद गए। राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी।
इस संबंध में साहिबाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिसमें जान से मारने की नीयत से अगवा करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना से उनका परिवार सहमा हुआ है। इस संबंध में एएसपी अनूप सिंह ने बताया कि प्रशांत और तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है।
मामला आपसी विवाद का भी हो सकता है। जंाच जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रशांत अक्सर पीड़ित से मजाक करता था और कहता था कि वह काफी रुपया कमा रहे हैं। पुलिस को शक है कि प्रशांत ने उनके अपहरण की साजिश रची, जिससे उनके परिवार से मोटी रकम वसूल सके। बाकी तीन युवक किराए के गुंडे हो सकते हैं। घटना में जेई के सिर और हाथ पैर में चोटें आई हैं।