शराब के नशे में धुत पैसेंजर ट्रेन के गार्ड को सहायक मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) इलाहाबाद ने निलंबित कर दिया। स्टेशन प्रबंधक को पत्र लिख कर निलंबन कार्रवाई से अवगत कराते हुए गार्ड से काम न लेने को निर्देश दिए गए हैं।
बांदा स्टेशन के गार्ड आरपी त्रिपाठी मंगलवार को झांसी-इलाहाबाद पैसेंजर ट्रेन लेकर इलाहाबाद गए थे। रात लगभग 11 बजे ट्रेन के इलाहाबाद पहुंचने के बाद गार्ड ड्यूटी खत्म कर विश्राम कक्ष में चला गया। कुछ ही देर बाद इलाहाबाद की विजलेंस टीम ने विश्राम कक्ष में अचानक छापा मारा।
गार्ड आरपी त्रिपाठी से विजलेंस टीम पूछताछ शुरु कर दी। शराब के नशे में धुत होने की आशंका पर उसका ब्रीथ एनालाइजर में परीक्षण कराया गया। एल्कोहल की पुष्टि होने पर विजलेंस टीम ने गार्ड को कब्जे में ले लिया। विजलेंस अधिकारियों ने इसकी सूचना एडीआरएम इलाहाबाद को दी।
मौके पर पहुंचे एडीआरएम ने शराबी गार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। बांदा स्टेशन प्रबंधक को कार्रवाई से अवगत कराते हुए दूसरा गार्ड भेजने के निर्देश दिए। स्टेशन प्रबंधक ने आदेश पर गार्ड जितेंद्र वर्मा इलाहाबाद से पैसेंजर ट्रेन लेकर लौटे।
उधर, निलंबित गार्ड ने सीनियर डीईई को पत्र लिखकर कहा है कि पहली बार वह शराब पीकर आया है। अपने कृत की माफी मांगता हूं। भविष्य में ऐसी गलती नहीं होगी। स्टेशन प्रबंधक बीपी वर्मा का कहना है कि गार्ड को निलंबित करने की जानकारी मौखिक है। लिखा-पढ़ी में उनके पास कोई सूचना नहीं है।