अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। नेशनल हाइवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने राहगीर को रौंद दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई। गुस्साए मोहल्लेवासियों ने घटनास्थल पर ही जाम लगा दिया। कोतवाली प्रभारी ने भीड़ को समझा-बुझाकर आधा घंटे बाद जाम खुलवाया। मृतक की फिलहाल शिनाख्त नहीं हुई। चालक को पकड़ कर पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया।
घटना मंगलवार को सुबह क्योटरा चौराहे के नजदीक हुई। फतेहपुर से कबरई (महोबा) गिट्टी लेने जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल जा रहे 55 वर्षीय अज्ञात को कुचल दिया। घटना से नाराज मोहल्लेवासी व दुकानदारों ने जाम लगा दिया। शहर के अंदर से ट्रकों के निकलने और स्पीड ब्रेकर की मांग की। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कोतवाली प्रभारी श्रीनिवास यादव ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। मृतक सफेद धोती व कुर्ता तथा पीले रंग का स्वेटर पहने था। उधर, घटना के बाद भाग रहे ट्रक चालक को भूरागढ़ चौकी पुलिस ने गिरफ्तार वाहन अपने कब्जे में ले लिया।
उधर, एक अन्य घटना में सोमवार की रात नरैनी से बांदा की तरफ आ रही कार महुआ तिराहे के नजदीक पेड़ से टकराकर पलट गई। उस सवार रोहित (21) निवासी खुटला और महेंद्र सिंह (35) निवासी आगरा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
-शहर के क्योटरा चौराहे की घटना
-पेड़ से टकराकर कार पलटी, दो घायल