बांदा। रक्षाबंधन पर पत्नी को राखी बंधवाने ससुराल ले जाने के बाद लौटे युवक ने घर से कुछ दूर खेत में जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
नरैनी कोतवाली अंतर्गत करतल चौकी क्षेत्र के बैरागी पुरवा का राम सिंह (21) पुत्र कल्लू सिंह शनिवार को पत्नी राजकली को रक्षाबंधन पर अपने साथ लेकर उसके मायके छतैनी (नरैनी) गया था। सोमवार को पत्नी समेत लौटकर घर आ गया। बताते हैं कि रात में उसका पत्नी से किसी बात पर विवाद हुआ।
मृतक के चाचा लल्लू ने बताया कि राम सिंह ने पहले शराब पी और फिर बिना बताए घर से निकल गया। तड़के कुछ ग्रामीणों ने उसे गांव के पास खेत में पड़ा देखा तो घर वालों को सूचना दी। परिजन उसे नरैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। चाचा ने यह भी बताया कि डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चाचा ने यह भी बताया कि कुछ दिनों पूर्व राजलली का सोने का मंगल सूत्र खो गया था। इसे लेकर आए दिन दोनों के बीच विवाद और कलह होती थी। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। शादी तीन साल पहले हुई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
उधर, रक्षाबंधन पर जिस भाई के हाथ में राखी बांधने को ससुराल से मायके आईं थीं उसी की अर्थी देखकर बहनों का हाल बुरा हो गया। राखी की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक राम सिंह की तीन बहनें कौशिल्या, रेखा व मूरत विभिन्न जिलों में स्थित अपनी ससुराल से लंबा सफर करके भाई को राखी बांधने मायके आईं थीं। मंगलवार को घर में रक्षाबंधन मनाया जाना था। बहनों को राम सिंह की कलाई नसीब नहीं हुई। उन्हें उसकी अर्थी देखनी पड़ी। घर में कोहराम मच गया। मृतक के फिलहाल कोई संतान नहीं है। शादी तीन साल पूर्व हुई थी।
-पत्नी को ससुराल से लेकर लौटा था
-रात में खेत में जाकर खा लिया जहर
अमर उजाला ब्यूरो