बांदा। एक माह पूर्व युवक की हत्या कर शव फेंक देने की घटना में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लेने का दावा किया है। आरोपी पड़ोस का ही रहने वाला और नशे का आदी बताया गया है। नशे की हालत में दोनों में झगड़ा होने पर यह घटना हुई।
पिछले माह 23 अप्रैल को शहर कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम कालोनी में ब्लाक संख्या-33 के सामने जीतू बारी पुत्र बालकिशुन का शव मिला था। वह ब्लाक संख्या-27 के आवास संख्या-425 में रहता था।
परिजनों ने अज्ञात हत्यारे के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस एक माह से हत्याभियुक्त की तलाश में थी। इस दौरान कई लोगों को पूछताछ के लिए पुलिस ने उठाया भी। इनमें महिलाएं भी थीं। तफ्तीश कोतवाली प्रभारी अखिलेश मिश्रा खुद कर रहे थे।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रविवार को दोपहर करीब 12 बजे शहर के अतर्रा चुंगी चौकी के पास चीपू उर्फ पुष्पेंद्र धुरिया पुत्र सत्यनारायण को गिरफ्तार कर लिया। वह कालोनी में ब्लाक संख्या-34 के आवास संख्या-543 में रहता है।
कोतवाली प्रभारी के मुताबिक चीपू की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बबूल का कांटेदार डंडा भी बरामद कर लिया है। बताया कि घटना के समय दोनों नशे में थे। तभी मारपीट हो गई। हालांकि चीपू का इरादा हत्या का नहीं था। पुलिस ने दर्ज धारा 302/201 आईपीसी में जेल भेज दिया है।