बांदा। पशु आश्रय स्थलों के निर्माण में मानकों की अनदेखी पर सीडीओ हरिचंद्र वर्मा ने अधिशासी अभिंयता पीडब्लूडी को कारण बताओ नोटिस जारी की है।
बुधवार को सीडीओ ने जनपद में निर्माणाधीन पांच पशु आश्रय स्थलों को निरीक्षण किया। ब्लाक महुआ के मनीपुर में गोशाला स्थल का चयन ही गलत पाया गया। गोशाला का निर्माण गांव से दूर नदी के किनारे किया जा रहा है। बरसात के दिनों में नदी से होने वाली कटान व पक्का रास्ता न होने से गोशाला की देखभाल नहीं की जा सकेगी।
कमोवेश यही स्थिति पिथौराबाद गोशाला की भी है। नरैनी ब्लाक के तुर्रा गांव की गोशाला में मात्र दीवारें मिलीं। गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। बिसंडा ब्लाक के कौहारा गांव में निर्माण घटिया पाया गया। टीन शेड के पिलर आरसीसी के बजाए लोहे के बनाए जा रहे हैं।
सीडीओ ने पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक के अधिशासी अभियंता को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के अंदर बिंदुवार स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।