बांदा। सब्जी खरीदकर घर लौट रही वृद्ध महिला को धक्का देकर लुटेरे ने गले से सोने की चेन लूट ली। इसी बीच आसपास मौजूद लोगों ने घेरकर लुटेरे को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना बांदा शहर के कालवन गंज चौकी क्षेत्र की है। शनिवार को सुबह करीब साढ़े 9 बजे मढ़िया नाका की वृद्ध महिला कृष्णा देवी पत्नी बाबूराम धुरिया छोटी बाजार से सब्जी खरीदकर घर जा रही थी। शरद क्लीनिक के नजदीक तिराहे पर महामाई गेट में घात लगाए बैठे युवक ने धक्का मारकर कृष्णा देवी को गिरा दिया और गले में पड़ी सोने की चेन तोड़ ली।
आसपास के लोगों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। उधर, इस बाबत कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि आरोपी राहुल पुत्र रामखिलावन को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव का रहने वाला है। उसके विरुद्ध धारा 356, 511 की रिपोर्ट दर्ज की गई है।