बांदा। आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के दूसरे दिन मेधावी छात्र-छात्राओं की डीएम आनंद कुमार सिंह व सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा ने कॅरियर काउंसलिंग की। इस मौके पर भाषण, निबंध, चित्रकला, वालीबॉल प्रतियोगिताएं भी हुईं।
डीएम ने छात्रों को नियमित पढ़ने, लिखने व ग्रुप डिस्कशन के टिप्स दिए। कहा कि महज परीक्षा पास करने के लिए नहीं बल्कि अपने व्यक्तित्व व प्रतिभा का विकास करने के लिए पढ़े। लक्ष्य तय कर कठिन परिश्रम से अपने लक्ष्य की पूर्ति करें। लक्ष्य को हमेशा बड़ा रखने की बात कही। किस्मत के भरोसे न रहने और कठिन परिश्रम की सलाह दी।
सीडीओ ने कहा कि जिस क्षेत्र में रुचि हो, उसी में कॅरियर बनाएं। एसडीएम सुधीर कुमार ने शुरू से ही विषयों का गहराई से अध्ययन करने को कहा। खंड विकास अधिकारी अनुभा श्रीवास्तव ने छात्रों को सेना में कॅरियर बनाने के उपाय बताए।
जिला कृषि अधिकारी प्रमोद कुमार ने कृषि विषय में कॅरियर बनाने की सलाह दी। भूमि संरक्षण अधिकारी सौरभ कुमार ने छात्रों को नोट्स बनाकर तैयारी करने की सलाह दी। यहां उपायुक्त एनआरएलएम केके पांडेय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी एसके बघेल, जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद सिंह, बीडीओ बड़ोखर, प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश पांडेय आदि मौजूद रहे।
उधर, चित्रकला प्रतियोगिता में लखन प्रसाद प्रथम, रिचा यादव द्वितीय, अंशिका गुप्ता तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में अंशिका गुप्ता प्रथम, आनंद पांडेय द्वितीय, आस्था तृतीय रहीं। निबंध में निखिल गुप्ता प्रथम, चमन बाबू व अंजली द्वितीय, शिवानी व लवकुश तृतीय रहे।