बांदा। आठ वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के दोषी को 20 साल कैद की सजा दी गई है। 20 हजार रुपये जुर्माना भी हुआ है। अदालत से यह फैसला घटना के डेढ़ साल बाद आया।
कोतवाली शहर क्षेत्र के एक गांव में 27 अक्तूबर 2019 की रात करीब 10 बजे बालिका पड़ोस में रहने वाली अपनी बड़ी मां के घर जा रही थी। तभी पड़ोसी 23 वर्षीय अमित कुमार उर्फ छुट्टन ने उसे पकड़ लिया और नजदीक में नीम के पेड़ के नीचे ले गया। वहां उसके नाजुक अंगों से छेड़छाड़ की। बालिका रक्त रंजित अवस्था में छूटकर घर आई। बालिका की मां ने अमित के विरुद्ध धारा 376, 504, 506 व पास्को एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को दूसरे ही दिन 29 अक्तूबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वह जेल में ही है। विवेचना के बाद पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की। एडीजीसी कमल सिंह गौतम ने चार गवाह पेश किए।
बुधवार को अपर सत्र न्यायाधीश ने अपने फैसले में दोषी अमित कुमार को पॉक्सो एक्ट की धारा 6 में 20 साल की कैद और 20 हजार रुपये जुर्माना किया। जुर्माना न देने पर दो माह और जेल में रहना होगा। धारा 506 में एक वर्ष की कैद, धारा 506 व 504 में एक-एक वर्ष कैद व 2-2 हजार रुपये जुर्माना किया। जुर्माना न देने पर 20-20 दिन की सजा और होगी।
--
अनशन पर बैठने के बाद भाजपा नेता को स्वीकृति पत्र मिला
बांदा। क्योटरा रेलवे क्रासिंग अंडर पास की दोनों तरफ ध्वस्त सड़कों के निर्माण की मांग लेकर बुधवार को यहां स्वतंत्रता स्मारक अशोक लाट में भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी जीतू आमरण अनशन पर बैठ गए। कुछ ही देर बाद मुख्यमंत्री की बांदा में आमद थी। ऐसे में भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष के इस कदम से प्रशासनिक अफसरों में भी खलबली मच गई। आनन-फानन मुख्य विकास अधिकारी ने अंडर पास निर्माण के लिए बुंदेलखंड विकास निधि (जिलांश) वर्ष 2020-21 में शामिल किए गए इस कार्य की प्रति श्री त्रिपाठी को अनशन स्थल पर पहुंचाई। इसके बाद भाजपा पूर्व अध्यक्ष ने अनशन खत्म कर दिया। 235 मीटर लंबाई वाले अंडर पास सड़कों के लिए 38.74 लाख रुपये की संस्तुति विधायक प्रकाश द्विवेदी द्वारा की गई है। श्री त्रिपाठी द्वारा बताया गया कि डेढ़ माह पूर्व उन्होंने इस बारे में डीएम को पत्र दिया था। जिलाधिकारी ने कोई संज्ञान नहीं लिया। अनशन शुरू होने पर आयुक्त ने सीडीओ से तत्काल स्वीकृति आदेश उनके पास भिजवाया। अनशन के दौरान मदन मोहन शर्मा, संतोष द्विवेदी, मनोज शुक्ला, विमलेश त्रिपाठी, राजकुमार दीक्षित, ब्रम्हानंद पांडेय, सुनील गुप्ता, मोतीलाल रिछारिया, वीरेंद्र सक्सेना इत्यादि उपस्थित थे।
-------------