बिछड़े जोड़े में सुलह कराने के बाद फोटो खिंचवाते परिवार परामर्श केंद्र के सदस्य।
- फोटो : BANDA
बबेरू। बालिग प्रेमी जोड़ा कोतवाली में एक-दूसरे को जयमाल पहनाकर एक-दूजे के हो गए। लड़की के परिजन रजामंद नहीं थे। प्रेमी के परिजन इस संबंध पर राजी हो गए। उनकी मौजूदगी में पुलिस ने दोनों के बीच यह मामला सुलह से सुलझा दिया। अब प्रेमी के घर में निकाह की रस्में होंगी।
कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव की 21 वर्षीय नाजमीन रविवार को सुबह कोतवाली के परिवार परामर्श केंद्र में पहुंची और अपनी मर्जी से शादी करने की फरियाद की। उसका कहना था कि माता-पिता व परिजन शादी के खिलाफ हैं और मारते पीटते हैं। जान से मारने की धमकी दी जाती है। अब वह माता-पिता के पास नहीं जाएगी।
वह जिससे प्रेम करती है, उससे शादी करवा दें। अथवा उसे अनाथालय भेज दें। पुलिस ने युवती के माता-पिता व परिजनों को बुलाया और उनसे उसकी मर्जी के मुताबिक शादी करने को कहा। वे शादी के लिए तैयार नहीं थे। उधर, परिजनों के समझाने बुझाने के बावजूद युवती प्रेमी के साथ शादी करने की जिद पर अड़ी रही। माता-पिता उसको साथ ले जाने को तैयार नहीं थे।
पुलिस ने हरदौली गांव के ही प्रेमी युवक अफजल वेग और उसके परिजनों को बुलाया। उनसे शादी की बाबत परामर्श केंद्र में सहमति ली गई। युवक और उसके परिवार वालों ने खुशी-खुशी शादी के लिए हामी भर ली।
इसके बाद कोतवाली में ही प्रेमी-प्रेमिका ने एक दूसरे को जयमाल पहनाया और मीठा खिलाकर साथ रहने का वादा किया। युवक के परिजनों ने बताया कि घर जाकर निकाह की रस्म पूरी करेंगे। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी कुलदीप सिंह, कोतवाली प्रभारी शशी कुमार पांडेय, महिला कास्टेबिल विनामिका व परामर्श केंद्र में शामिल व्यापार मंडल अध्यक्ष सुधीर अग्रहरि, जेपी शर्मा इंटर कालेज प्रधानाचार्य डा. अनिल कुमार सिंह, सुनीता भारतीय, हेमलता, प्रीती, सुधा सिंह समेत तमाम लोग मौजूद रहे।