Corona, 9 more positives found in Agricultural University
- फोटो : BANDA
बांदा। बुधवार को दो चरणों में आई जांच रिपोर्टों में 9 लोग संक्रमित पाए गए। संक्रमितों में कृषि विश्वविद्यालय का छात्र, परियोजना सहायक और इसी परिसर में चल रहे कृषि विज्ञान केंद्र के कंप्यूटर आपरेटर शामिल हैं।
इसके अलावा बांदा शहर के मढ़िया नाका में एक, इंदिरा नगर में दो, रोडवेज बस अड्डा और खुटला में एक-एक संक्रमित मिले हैं। तेरहीमाफी गांव में महिला को संक्रमित पाया गया है।
संबंधित इलाकों को सील कर यहां के बाशिंदों की जांच की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अब ताजे आंकड़े के मुताबिक जनपद में अब तक हुए संक्रमितों की कुल संख्या 406 पहुंच गई है। सक्रिय मरीज 136 हैं।
अतर्रा का बांदा व नरैनी रोड सील
अतर्रा। कस्बे में चार लोगों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद सभी को एंबुलेंस से कोविड-19 सेंटर नरैनी भेजा गया। बांदा रोड, नरैनी रोड को सील कर दिया गया। मेडिकल टीम ने दोनों मोहल्लों मेें सैनिटाइजर कराया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. देव तिवारी ने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीजों को नरैनी भेजा गया है। इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार तिवारी नगर पालिका कर्मचारियों के साथ सीलबंद स्थानों में व्यवस्था कराने में जुटे रहे।