बदौसा। थाने के सामने एचटी लाइन का तार टूट जाने से कस्बे समेत कई गांवों की बिजली गुल हो गई। उधर, टूटा तार जुड़वाने के लिए थाने पहुंच गए तीन सिपाहियों ने बिजली कर्मियों के साथ मारपीट कर दी।
सब स्टेशन कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। 30 घंटे तक आपूर्ति ठप रही। सोमवार को थाने की जीप चालक को लाइन हाजिर कर दिए जाने के बाद बिजली कर्मी काम पर लौटे। तभी बिजली बहाल हुई।
रविवार की रात करीब 11 बजे थाने के सामने एचटी लाइन टूट गई। बदौसा समेत कई गांवों और थाने की बिजली गुल हो गई। थाने की जीप के चालक केशव कुमार शुक्ला दो सिपाहियों के साथ पावर हाउस जा धमके। वहां एसएसओ संतोष कुमार, लाइनमैन दिलीप व रवि से तार जोड़ने को कहा।
बिजली कर्मियों ने सुबह जोड़ने की बात कही। आरोप है कि इस पर सिपाहियों ने उन्हें लात-घूंसों से पीटा और थाने ले आए। जानकारी मिली तो एसडीओ रवींद्र कुमार और अवर अभियंता अवधेश कुमार भी सब स्टेशन पहुंच गए और पुलिस कर्मियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी
लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। उधर, लाइन दुरुस्त न होने से 30 घंटे तक बदौसा कस्बा समेत फतेहगंज क्षेत्र के गांवों की बिजली गुल रही। सोमवार को थानाध्यक्ष घनश्याम पांडेय ने बताया कि आरोपी सिपाही जीप चालक केशव को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके बाद बिजलीकर्मी काम पर लौट आए और लाइनें दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी।