बबेरू। प्रदेश के खाद्य एवं रसद आयुक्त और जिले के नोडल अधिकारी मनीष चौहान ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जन समस्याओं के निस्तारण में लेटलतीफी और लापरवाही न करें। वरना सख्त कार्रवाई की जाएगी। साधन सहकारी समिति के सचिव द्वारा किसानों पर फर्जी ऋण दर्शाए जाने की शिकायत पर जांच के आदेश दिए। कहा कि दोषी पाए जाने पर सचिव के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए।
सोमवार को क्षेत्र के निभौर गांव में प्राइमरी स्कूल में आयोजित जन चौपाल में नोडल अधिकारी ने विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की। ग्रामीणों से सीधे बातकर जानकारियां लीं। आवास, शौचालय, विभिन्न पेंशन, राशन कार्ड, टीकाकरण, आंगनबाड़ी आदि कार्यों और योजनाओं के बारे में जानकारी ली और कुछ का मौके पर सत्यापन भी किया। सहकारी सोसायटी के किसानों ने खाद न मिलने की शिकायत की। बताया गया कि 53 पूर्ण हो चुके आवासों और 18 अधूरे आवासों की अगली किस्तें नहीं आईं।
शौचालय 605 में मात्र 419 पूरे हुए हैं। 171 अधूरे हैं। 15 शौचालयों का पैसा नहीं आया। चार हैंडपंप भी रिबोर के लिए पड़े हैं। किसानों ने नोडल अधिकारी को बताया कि खाद नहीं ली फिर भी बकाए की नोटिस आ गई। इस पर नोडल अधिकारी ने एसडीएम को निर्देश दिए कि इसकी जांच करें। अगर सचिव ने किसानों पर फर्जी ऋण का बकाया दिखाया है तो सचिव के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराएं।
किसानों ने यह भी बताया कि बिजली भी नाममात्र को मिलती है। राजनारायण, केसरिया, माया यादव, बसंती, कामता, रामदास, गोलू यादव, केशव, बिंदा आदि ग्रामीणों ने आवास और शौचालय आदि की शिकायतें कीं। चौपाल में पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा, सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा, सीएमओ डा. संतोष कुमार, एसडीएम महेंद्र प्रताप, तहसीलदार विपिन कुमार, बीडीओ डा.प्रभात द्विवेदी, बीएसए हरिश्चंद्रनाथ, डीएसओ राजीव तिवारी, पशु चिकित्सा अधिकारी डा. लाखन सिंह, डीपीआरओ आदि शामिल रहे।
तहसील सहित कई कार्यालय का निरीक्षण किया
बबेरू। निभौर गांव में चौपाल के बाद खाद्य एवं रसद आयुक्त मनीष सिंह चौहान ने शाम को यहां तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। पंजीकरण केंद्र और भूलेख के अभिलेख देखे। एसडीएम कोर्ट का भी मुआयना किया। वहां लंबित मामलों की जानकारी की। बार एसोसिएशन तहसील अध्यक्ष शिवकुमार सिंह की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने उनसे मिलकर तीन सूत्री ज्ञापन दिया और त्वरित न्यायालय तहसील परिसर में स्थापित कराने की मांग की। नोडल अधिकारी ने कोतवाली, सीएचसी, नगर पंचायत का भी निरीक्षण किया। दंगल मैदान में अस्थाई गोशाला देखी। एसडीएम, तहसीलदार, कोतवाली प्रभारी रामाश्रय यादव, नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह, ईओ अजय यादव आदि उपस्थित रहे।