बांदा। परिवार के साथ निमंत्रण कर निकल रहे बिजली विभाग के जेई पर तीन लोगों ने जानलेवा हमला किया। ईंट-पत्थर मारकर उन्हें गंभीर घायल कर दिया। जेई की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नरैनी उपकेंद्र में तैनात बिजली विभाग के जेई रामलाल पाल ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया कि खुरहंड उपकेंद्र में तैनात संविदा कर्मी बृजराज यादव उपकेंद्र नरैनी कार्यालय में आकर अराजकता करता है। उसने कई बार उससे आईडी पासवर्ड मांगे थे। नहीं देने पर देख लेने की धमकी दी थी। नौ दिसंबर को वह विभागीय कर्मी राकेश साहू की बहन की शादी में शामिल होने बांदा शहर के नरैनी रोड स्थित एक मैरिज हाल में परिवार के साथ आया था। यहां निमंत्रण से निकलते समय रंजिशन शिवहद गांव निवासी बृजराज यादव, पीयूष यादव अपने तीन चार साथियों के साथ जानलेवा हमला किया। ईंट पत्थर मारकर गंभीर घायल कर दिया। उसका जिला अस्पताल में इलाज किया गया। जेई की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।