नरैनी/खत्रीपहाड़। हाईटेंशन लाइन में फाल्ट सुधार रहे संविदा लाइन मैन की अचानक बिजली सब स्टेशन से सप्लाई चालू कर देने से करंट से मौत हो गई। हादसे की जानकारी लगने पर गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया।
मौके पर पहुंचे एसडीएम ने परिजनों को मुआवजा व कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को खुलवा दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेज दिया।
गिरवां थाना क्षेत्र के कलेक्टर पुरवा गांव निवासी राजेंद्र उर्फ बब्बू (48) नरैनी बिजली सब स्टेशन में संविदा लाइनमैन के पद पर तैनात था। सोमवार की दोपहर वह देवरार गांव के पास हाईटेंशन लाइन में फाल्ट सुधार रहा था।
इस बीच सब स्टेशन में तैनात एसएसओ अनिल कुशवाहा ने लाइन चालू कर दी। करंट से राजेंद्र की झुलसकर मौत हो गई। इस मामले में बिजली कर्मी की लापरवाही देखने को मिली। मौत की खबर से परिवार समेत गांव में कोहराम मच गया।
परिजनों ने सब स्टेशन पर तैनात जेई और एसडीओ को भी फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इससे गुस्साए लोगों ने शव रखकर बांदा-कालिंजर मार्ग पर जाम लगा दिया। दोषी बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर मुआवजे की मांग करने लगे।
मौके में पहुंचे एसडीएम सत्य प्रकाश चौधरी, कोतवाली निरीक्षक राम मोहन राय,व गिरवां थाना प्रभारी राकेश तिवारी आदि पहुंचे। एसडीएम ने परिजनों से बात कर दोषी बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सहित शासन से परिजनों को सहायता राशि दिलाने का आश्वाशन देकर जाम खुलवाया।
यह जाम दो घंटे तक लगा रहा। जाम लगने से कालिंजर बांदा राज्य मार्ग का आवागमन ठप हो गया जाम में दर्जनों वाहन फसे रहे।
देर शाम बेटे महेंद्र सिंह ने बिजली उपखंड नरैनी के अधिकािरयों और कर्मचारियों के खिलाफ अज्ञात में शारीरिक क्षति शारीरिक क्षति पहुंचाने की नियत से लाइन ठीक करने के दौरान लाइन चालू कर देने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है।