बांदा। अतर्रा के बिसंडा रोड स्थित जैविक ग्राम में संचालित किसान बोधगम्य फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) का मंगलवार को विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग रणविजय यादव ने भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के उत्पादों को बाजार से जोड़ें।
भ्रमण की शुरुआत एफपीओ के रिटेल स्टोर से हुई। सीईओ रोहित श्रीवास्तव ने उन्हें महाचिन्नावर चावल, बुंदेलखंड की अरहर दाल, कठिया गेहूं समेत अन्य स्थानीय कृषि उत्पादों की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने वर्मी कंपोस्ट यूनिट और देशी धान की विभिन्न प्रजातियों के प्रदर्शन प्लॉट देखे। एफपीओ के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक कृषि, देसी बीज संरक्षण, उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी ली।
रणविजय यादव ने एफपीओ के उत्पादों के लिए बड़े बाजार की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कानपुर या लखनऊ जैसे बड़े शहरों में एफपीओ का रिटेल स्टोर खोलने का सुझाव दिया, ताकि बुंदेलखंड के पारंपरिक और प्राकृतिक कृषि उत्पादों को बड़े उपभोक्ता बाजार तक पहुंचाया जा सके।
इस दौरान जैविक ग्राम परिसर में उन्होंने हरिशंकरी का रोपण भी किया। एफपीओ कार्यालय में उन्हें लकी बैंबू के साथ महाचिन्नावर चावल, अरहर दाल और कठिया गेहूं भेंट किया गया।
उनके साथ बीएसए अव्यक्त राम तिवारी, एफपीओ निदेशक शिवनारायण, हरिमोहन श्रीवास्तव, प्रमोटर राजेंद्र कुमार, सीईओ रोहित श्रीवास्तव, लेखाकार अमन तिवारी समेत किसान सदस्य और अन्य लोग मौजूद रहे।