तिंदवारी। प्रधान के कार्यों की सीडीओ के आदेश पर गठित जांच समिति ने जांच की। समिति को तमाम गड़बड़ियों मिलीं। ग्रामीणों ने प्रधान पर अनियमितताओं के आरोप लगाए थे।
जसपुरा क्षेत्र के सिकहुला गांव के ग्रामीणों ने ग्राम विकास आयुक्त को शिकायती पत्र भेजकर प्रधान और पंचायत मित्र द्वारा कराए गए कार्यों में अनियमितता के आरोप लगाए थे। चार वर्षों में कराए गए 40 कार्यों में करीब 70 लाख रुपये गबन की शिकायत की थी।
आयुक्त के निर्देश पर सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा ने जांच कमेटी गठित कर दी। नामित जांच अधिकारी उपायुक्त (मनरेगा) वेद प्रकाश मौर्य व जसपुरा बीडीओ अमित कुमार ने गांव व उसके मजरे क्योटरा में विकास कार्यों का मौके पर सत्यापन किया।
मनरेगा के 12 व राज्य वित्त के 18 कार्यों समेत कुल 40 कामों की जांच की। इसमें सीसी रोड, संपर्क मार्ग, सोलर लाइट, स्ट्रीट लाइट, कब्रिस्तान बाउंड्रीवाल, श्मशान घाट, विद्यालयों में खड़ंजा आदि शामिल रहे।
उपायुक्त श्री मौर्य ने बताया कि जांच रिपोर्ट सीडीओ को सौंपी जाएगी। बताया गया है कि जांच समिति को बहुत से कार्य मौके पर नहीं मिले। ग्रामीणों में रहमत खां, जमील खां, जुबेर खां, हलीम खां, जितेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, विशंभर सिंह, गुलाब, राजकरन पाल, छोटा सिंह, धमेंद्र निषाद आदि मौजूद रहे।