रायफल क्लब समिति ने नगर के बीचोबीच एकमात्र खेल के मैदान राइफल क्लब ग्राउंड में अवैध कब्जों के खिलाफ कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। सिटी मजिस्ट्रेट को दिए ज्ञापन में मैदान में पटाखा मार्केट, नुमाइश, सर्कस व राजनीतिक दलों को रैली की अनुमति न दिए जाने की मांग की है।
प्रदीप निगम ‘लाला’ की अगुवाई में दिए ज्ञापन में कहा है कि इस मैदान में हाकी, फुटबाल, कबड्डी, वॉलीबाल, क्रिकेट आदि खेलों की मंडल व प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताएं होती हैं। वर्ष 2006 में हाईकोर्ट ने जिला मजिस्ट्रेट को पक्षकार बनाते हुए यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था।
बावजूद इसके मैदान में अतिक्रमण किया जा रहा है। पकड़े गए ट्रक व अन्य वाहन मैदान में खड़े किए जाते हैं। बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर रखने को पोल गाड़ दिए हैं। प्राइवेट बस स्टैंड की ओर से बाउंड्री गिरा दी गई है। ऐसे में मैदान खराब हो रहा है।
जलभराव भी बना रहता है। ट्रांसफार्मर रखने से कभी भी खिलाड़ियों के साथ अनहोनी हो सकती है। ज्ञापने देने वालों में विजय निगम, शाहिद, शालू, इमरान, सरन, शीलू, फैजी, शब्बीर, अरबाज, अबरार फारूकी, राजू विश्वकर्मा, शिवा अवस्थी इत्यादि शामिल रहे।