मंडलायुक्त ने बैठक में अपनाए सख्त तेवर मंडल स्तरीय अधिकारियों को जीएसटी की जानकारी लेने का निर्देश
- फोटो : अमर उजाला
जीएसटी के बारे में व्यापारियोें को पर्याप्त जानकारी न देने और जागरूकता में दिलचस्पी न लेेने पर वाणिज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त का मंडलायुक्त अजय कुमार शुक्ला ने वेतन रोक दिया है।
बुधवार को मयूर भवन सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की बैठक ले रहे आयुक्त ने संयुक्त विकास आयुक्त को निर्देश दिए कि मंडल स्तरीय अधिकारियों को जीएसटी के बारे में विस्तार से बताया और समझाया जाए, ताकि किसी तरह का भ्रम न रहे।
आयुक्त ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक को निर्देश दिए कि सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डाक्टरों की उपस्थिति समय से कराना सुनिश्चित करें। विद्युतीकरण में धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने पावर कारपोरेशन के मुख्य अभियंता को इसमें तेली लाने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने खेत-तालाब योजना का सत्यापन कराने का निर्देश दिया। कहा कि जिन तालाबों में पानी जाने की व्यवस्था नहीं है उसे तत्काल किया जाए।
अधिकारियों से कहा कि कार्य दिवसों में रोजाना सुबह 9 से 11 बजे तक अपने कार्यालय में हर हाल में बैठकर फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण करें। वर्षा शुरू हो गई है। कार्यालय परिसरों में वृक्षारोपण कराएं। कार्यालयों में सफाई का खास बंदोबस्त किया जाए। बैठक में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह (बांदा) सहित महोबा, चित्रकूट व हमीरपुर के जिलाधिकारी, संयुक्त विकास आयुक्त और बांदा सीडीओ आरके सिंह व मंडल स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।