बांदा। चित्रकूटधाम मंडल में स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण में देरी और अनियमितता को परखने के लिए मंडलायुक्त निरीक्षण करेंगे। नवनिर्मित सामुदायिक शौचालयों का 10 से 15 फरवरी के बीच लोकार्पण किया जाना है।
मंडल के चारों जनपदों में 1407 शौचालय बनाए जा रहे हैं। शासन ने इनके निर्माण की लक्ष्मण रेखा 10 फरवरी व लोकार्पण के लिए 15 फरवरी तक तिथि निर्धारित की है। चित्रकूटधाम मंडल में निर्माण की गति बेहद धीमी है। अधिकांश शौचालयों में वॉश बेसिन, फ्लेशर, सबमर्सिबल, जलापूर्ति, स्नान गृह आदि नहीं है। फर्श, टाइल्स, दरवाजा, पुट्टी, पेंट, चित्रांकन भी अधूरा है। आयुक्त दिनेश कुमार सिंह शनिवार से स्थलीय निरीक्षण के लिए निकलेंगे। वह प्रत्येक विकास खंड के दो शौचालयों देखेंगे। अधूरे निर्माण युद्धस्तर पर पूरे कराए जा रहे हैं। मंडल में अब तक महज 73.35 फीसदी शौचालय बनकर तैयार हुए हैं।
इंसेट---
मंडल में सामुदायिक शौचालय का लक्ष्य व प्रगति---
जनपद लक्ष्य निर्माण अधूरे
बांदा 470 351 119
चित्रकूट 335 201 134
हमीरपुर 330 211 119
महोबा 272 269 003
योग 1407 1032 375
बांदा के इन गांवों में निरीक्षण करेंगे आयुक्त
बांदा में बड़ोखर ब्लॉक के महोखर, तिंदवारी, जसपुरा ब्लाक में पिपरोदर व अमारा, कमासिन ब्लाक में खरौली व बिनवट, तिंदवारी ब्लाक में भुजौली व खप्टिहाकलां, बबेरू ब्लाक में पिस्टा व रगौली, नरैनी ब्लाक में लहुरेटा व पोंगरी, बिसंडा ब्लाक में ओरन ग्रामीण, व भदेहदू और महुआ ब्लाक में गोखिया व माधवपुर।
महिला समूह करेंगे रखरखाव
सामुदायिक शौचालयों के रखरखाव की जिम्मेदारी ग्रामीण आजीविका मिशन में गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दी जाएगी। इन्हें मानदेय के रूप में 4000 रुपये और सामग्री के लिए 3000 रुपये दिए जा रहे हैं।
--
मंडल में 90 फीसदी सामुदायिक शौचालयों का निर्माण पूरा हो गया है। अवशेष शौचालयों का निर्माण 10 फरवरी तक पूरा करा लिया जाएगा। डीपीआरओ व खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शौचालयों का निर्माण व सुविधाएं शासन के मानक के अनुसार की जाएं।
-दिनेश कुमार, मंडलीय उप निदेशक (पंचायत)